ब्राह्मण सेवा समिति के अध्यक्ष बने अमित शर्मा, आशीष शर्मा को मिली सचिव की जिम्मेदारी
भगवान परशुराम मंदिर में हुई समाज की बैठक, पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा के कार्यकाल की सदस्यों ने की सराहना
रायगढ़, 10 अगस्त 2026। भगवान परशुराम मंदिर में 9 अगस्त को ब्राह्मण सेवा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने अपने कार्यकाल की पूर्णता की घोषणा की। इसके बाद समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों की मौजूदगी में समिति के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष विनोद शर्मा (पूजा ट्रांसपोर्ट) ने नवीन अध्यक्ष के लिए अमित शर्मा का नाम प्रस्तावित किया। उपस्थित समाजजनों ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए सर्वसम्मति से अमित शर्मा को ब्राह्मण सेवा समिति का अध्यक्ष चुना। वहीं आशीष शर्मा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अमित शर्मा वर्तमान में वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य हैं, जबकि आशीष शर्मा शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हैं।
पूर्व अध्यक्ष और टीम के कार्यों की सराहना
बैठक में समाज के सदस्यों ने पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा और उनकी पूरी टीम द्वारा कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। सदस्यों ने समिति की गतिविधियों में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित शर्मा ने भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर समाज के वरिष्ठजनों से आशीर्वाद लिया। अमित शर्मा एवं आशीष शर्मा ने समाज के वरिष्ठ सदस्यों का अभिवादन करते हुए समिति के माध्यम से समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
समाजहित में वर्षभर सक्रिय रहती है समिति
ब्राह्मण सेवा समिति एक पंजीकृत संस्था है, जो वर्षभर विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों में सक्रिय रहती है। समिति के कार्यों में समाज के सदस्यों का लगातार सहयोग मिलता रहा है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और समाज के सभी सदस्यों के सहयोग से समिति की सामाजिक गतिविधियों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।



