मां चंद्रहासिनी मंदिर में अदाणी फाउंडेशन का चिकित्सा शिविर, 687 श्रद्धालुओं को मिला निःशुल्क उपचार

रायगढ़/चंद्रपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर चंद्रपुर स्थित प्रसिद्ध मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए अदाणी फाउंडेशन की ओर से नौ दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित इस शिविर में कुल 687 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन की इस पहल का लाभ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा से पहुंचे श्रद्धालुओं को भी मिला।
नौ दिनों तक श्रद्धालुओं को मिली स्वास्थ्य सेवाएं
महानदी, मांड और लात नदियों के त्रिवेणी संगम पर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले में आने वाले भक्तों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में यह शिविर आयोजित किया गया।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में 504 पुरुष और 183 महिलाओं सहित कुल 687 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मेडिकल टीम ने श्रद्धालुओं की जांच कर आवश्यकतानुसार उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराईं।
अलग-अलग बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार
शिविर में लंबी दूरी तय करके पहुंचे 187 श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सहायता दी गई। वहीं, सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार से पीड़ित 136 मरीजों का उपचार किया गया।
यात्रा और उपवास के कारण थकान महसूस कर रहे 130 श्रद्धालुओं को भी चिकित्सकीय सहायता मिली। इसके अलावा 106 मरीजों की बीपी, शुगर जांच और घावों की ड्रेसिंग की गई। त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित 62 तथा गैस्ट्रो संबंधी परेशानी वाले 44 मरीजों को भी उपचार उपलब्ध कराया गया।
मेडिकल टीम ने दी चौबीसों घंटे सेवा
शिविर में डॉ. उरांव के मार्गदर्शन में मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे सेवाएं दीं। श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें मंदिर परिसर में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता मिल सके।
जनप्रतिनिधियों और मंदिर न्यास ने की पहल की सराहना
शिविर का शुभारंभ तहसीलदार डभरा आशीष पटेल, नगर पंचायत चंद्रपुर अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन, मंडल अध्यक्ष तिलेस माली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन विश्वकर्मा, जिला समन्वयक दिनेश नायक, एल्डरमैन गौरी शंकर गुप्ता और गिरजा यादव सहित मंदिर न्यास के पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।
नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने कहा कि नवरात्रि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लोगों के लिए उपयोगी साबित होता है।
वहीं, मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर न्यास के ट्रस्टी सुजीत पाण्डेय ने कहा कि मंदिर आने वाले जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही निःशुल्क इलाज और दवाइयां मिलने से उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने में मदद मिली।
मंदिर न्यास के समन्वय से हुआ आयोजन
आयोजकों के मुताबिक, शिविर का आयोजन श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं चंद्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के समन्वय और स्वर्गीय मुकुटधर पाण्डेय स्मृति मेमोरियल सर्विस फाउंडेशन, चंद्रपुर के संचालन सहयोग से संपन्न हुआ।
इस पहल के माध्यम से नवरात्रि मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं को समय पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
