मुंबई में इलाज कराने गए दंपती के फ्लैट में चोरी, लॉकर तोड़कर नकदी और लाखों के जेवर पार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अज्ञात चोरों ने एक बंद फ्लैट को निशाना बनाते हुए अलमारी और लॉकर तोड़कर नकदी सहित लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित बेलादुला के श्री ओम हाईट्स अपार्टमेंट की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फ्लैट मालिक राकेश कुमार श्रीवास्तव और उनकी पत्नी मंजू श्रीवास्तव अक्टूबर 2025 से मुंबई में इलाज करा रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति में फ्लैट की चाबी उनकी बहन विनिता श्रीवास्तव के पास रहती थी। घरेलू सहायिका चंद्रकांति देवांगन प्रतिदिन चाबी लेकर फ्लैट की साफ-सफाई और पौधों में पानी देने जाती थी।

शनिवार सुबह जब चंद्रकांति सफाई के लिए फ्लैट पहुंची तो उसने बेडरूम की अलमारी खुली देखी। सूचना मिलने पर विनिता श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। जांच करने पर अलमारी और लॉकर का ताला टूटा मिला तथा चेंजिंग रूम का ताला भी खुला हुआ था।

अलमारी से 10 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। चोरी गए जेवरों का मूल्य अभी निर्धारित नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी की कुल रकम लाखों रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर चक्रधर नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Back to top button