रायगढ़ : अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलो लाहन जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। तमनार और चक्रधर नगर क्षेत्र में की गई इन कार्रवाइयों के दौरान एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जंगल में लावारिस हालत में मिली शराब और लाहन के मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।

तमनार में महिला के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद

आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में टीम ने तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम तमनार में छापेमारी की। इस दौरान बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।

आबकारी विभाग ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

रेगड़ा के जंगल में 195 लीटर शराब और 440 किलो लाहन मिला

इससे पहले 31 अक्टूबर को आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम रेगड़ा के जंगल में छापामार कार्रवाई की। यहां लावारिस हालत में 195 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।

जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 61 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में लावारिस प्रकरण दर्ज कर शराब और लाहन से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।

होटल और ढाबों की भी हो रही जांच

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

आबकारी विभाग की ओर से होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त ने सभी वृत्त प्रभारियों को नियमित जांच करने और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Back to top button