रायगढ़ : अश्लील संदेश भेजने के आरोप में प्रोफेसर के खिलाफ छात्रा की शिकायत, मारपीट का वीडियो वायरल
डेढ़ साल से परेशान करने का आरोप, व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर भेजता था आपत्तिजनक संदेश; पुलिस जांच में जुटी
खबर : प्रताप बेहरा @ रायगढ़। जिले के लैलूंगा क्षेत्र से एक शासकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर पर छात्रा को कथित रूप से अश्लील संदेश भेजने और संबंध बनाने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी। घटना के बाद छात्रा द्वारा प्रोफेसर के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने आरोप लगाया है कि शासकीय महाविद्यालय कुंजारा, लैलूंगा में पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव पिछले करीब डेढ़ वर्ष से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेज रहे थे तथा संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी से नाराज होकर छात्रा ने अपने होने वाले पति के साथ प्रोफेसर का सामना किया, जिसके दौरान मारपीट की घटना हुई। घटना के बाद छात्रा ने लैलूंगा थाना पहुंचकर प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
छात्रा ने यह भी अपील की है कि यदि अन्य छात्राएं भी इसी तरह की कथित प्रताड़ना का शिकार हुई हैं, तो वे भी आगे आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल लैलूंगा पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार शिकायत और उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। प्रोफेसर के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और उनका पक्ष सामने आना शेष है।



