रायगढ़ : ऑपरेशन अंकुश के तहत चिमटापाली जंगल में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 5 जुआरी गिरफ्तार

घरघोड़ा पुलिस ने ₹12,800 नकद, ताश की गड्डी और जुआ खेलने का सामान किया जब्त

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत घरघोड़ा पुलिस ने चिमटापाली जंगल में संचालित जुआ फड़ पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹12,800 नकद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चिमटापाली के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पांच आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी राठिया (32) निवासी चिमटापाली, मिलन दास महंत (34) और महात्मा उरांव (25) निवासी साल्हेपाली, सकीर्तन राठिया (34) निवासी कोनपारा तथा राम प्रसाद पैंकरा (59) निवासी चारमार, थाना घरघोड़ा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹12,800 नकद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में एएसआई डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद मिंज तथा आरक्षक भानुप्रताप चंद्रा, परमेश्वर सिंह और मनोज कुमार जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button