रायगढ़ : ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार गांजा तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल i20 कार भी जब्त

एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से था फरार, पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे आरोपी चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35) निवासी सोनपुर, थाना लैलूंगा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार (CG13BH5917) भी जब्त कर ली है।

23 अप्रैल को दो आरोपी हुए थे गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम तुमीडीह महुआ चौक के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान खिरोधर यादव और पुरुषोत्तम यादव को गिरफ्तार किया गया था। तलाशी में उनके कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 24,500 रुपये, तथा 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

घेराबंदी के दौरान फरार हो गया था आरोपी

रायगढ़ पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव मौके से कार लेकर फरार हो गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता की पुष्टि की और उसकी तलाश जारी रखी।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत आरोपी के अपने गांव आने की सूचना मिलने पर पूंजीपथरा पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद तस्करी में प्रयुक्त i20 कार भी जब्त कर ली गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

फरार आरोपियों पर कार्रवाई जारी रहेगी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Back to top button