रायगढ़: गांधी जयंती पर सावित्री नगर कॉलोनी में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने लगाई झाड़ू

रायगढ़, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़े के तहत जिंदल पावर तमनार की सावित्री नगर कॉलोनी में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने वॉकथॉन के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और कॉलोनी में सफाई भी की।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 6 बजे ऑपरेटिव परिसर के सामने हुई। इसके बाद जीईटी की टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पानी बचाने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने का संदेश दिया।

वॉकथॉन के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश

सीईओ एवं प्रेसिडेंट माइंस ओमप्रकाश के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कॉलोनी में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान लोगों से अपने आसपास का परिसर साफ रखने और पॉलीथीन के बजाय कपड़े या अन्य पुन: उपयोग योग्य थैलों को अपनाने की अपील की गई।

अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में एवीपी विजय जैन और संजीव पाराश्री ने भी संबोधित किया।

पुराने कपड़ों से बनाए जाते थे थैले

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश ने पुराने समय में कपड़ों के दोबारा इस्तेमाल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पहले पुराने कपड़ों को फेंकने के बजाय उनका उपयोग अलग-अलग जरूरतों के लिए किया जाता था। यहां तक कि पुराने कपड़ों और यूरिया की बोरियों से भी थैले बनाए जाते थे।

उन्होंने लोगों से प्लास्टिक और पॉलीथीन के इस्तेमाल को कम करने तथा पुन: उपयोग होने वाली वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने पानी की बचत पर भी जोर देते हुए आवश्यकता के अनुसार ही पानी इस्तेमाल करने की बात कही।

नुक्कड़ नाटक में बताई व्यक्तिगत जिम्मेदारी

जीईटी की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में बताया गया कि स्वच्छता केवल सफाईकर्मियों या किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। पानी का इस्तेमाल करने के बाद नल बंद करना और कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

नाटक के माध्यम से प्लास्टिक का इस्तेमाल कर उसे खुले में फेंकने की आदत को बदलने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में एवीपी ईएमडी हेड सुरेश चंद्र पॉल, जीएम एचआर हेड सुधीर राय, जीएम माइंस, मैनेजर गारे पेलमा 4/1 सुधीर चौधरी, एजीएम सीएसआर राजेश रावत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Back to top button