रायगढ़: नाबालिग को राजस्थान में बेचने की साजिश नाकाम, चार साल से फरार मानव तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत धरमजयगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 2022 के मामले में चौथा आरोपी भी पहुंचा जेल
रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर बेचने की साजिश रचने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को जशपुर जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
2022 में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2022 को एक 17 वर्षीय बालिका के पिता ने धरमजयगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालिका 23 जून की शाम घर से लापता हो गई थी। परिजनों की तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर अपहरण की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ट्रेन से बरामद हुई थी बालिका
जांच के दौरान मध्यप्रदेश के अनुपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेन से बालिका को दो संदिग्धों के साथ बरामद किया। सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित वापस लाया।
20 हजार रुपये में बेचने की थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा, रामपाल यादव और रामा चौहान ने मिलकर बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर शादी के नाम पर 20 हजार रुपये में बेचने की योजना बनाई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में मानव तस्करी सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़कर कार्रवाई की।
तीन आरोपी पहले ही जा चुके थे जेल
मामले में वर्ष 2022 में ही हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा और रामपाल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जबकि चौथा आरोपी रामा चौहान (35), निवासी ग्राम जोराडोल, जिला जशपुर लगातार फरार चल रहा था।
ऑपरेशन क्लीन हंट में दबोचा गया आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गांव आया हुआ है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी बोले- मानव तस्करों पर रहेगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत वर्षों से फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी लगातार जारी है तथा ऐसे अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस आगे भी सख्त कार्रवाई करती रहेगी।


