रायगढ़ : नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों के प्रवेश पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी
रायगढ़। कोतरा रोड से ढिमरापुर चौराहे तक व्यस्त मार्ग पर नो-एंट्री के बावजूद प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ की प्रवक्ता रिंकी पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर सवाल
रिंकी पांडे ने कहा कि कोतरा रोड से ढिमरापुर मार्ग पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू होने के बावजूद प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के आवागमन की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक इससे आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने हाल ही में कोतरा रोड क्षेत्र में नो-एंट्री के दौरान भारी वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की घटना का भी उल्लेख किया और कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद यातायात व्यवस्था की निगरानी और प्रभावी किए जाने की जरूरत है।
निगरानी और कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेत्री ने सवाल उठाया कि यदि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित है, तो ऐसे वाहन शहर के व्यस्त मार्गों तक कैसे पहुंच रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और यातायात पुलिस से केवल नो-एंट्री बोर्ड लगाने के बजाय नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कोतरा रोड–ढिमरापुर मार्ग पर:
- नो-एंट्री नियम का कड़ाई से पालन कराने।
- प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर चालानी कार्रवाई करने।
- संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाने।
- सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने।
- दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुधार करने।
की मांग की है।
रिंकी पांडे ने कहा कि नो-एंट्री व्यवस्था केवल सड़क किनारे लगाए गए बोर्ड तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नियमों का पालन जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।











