रायगढ़ पुलिस ने स्कूली विद्यार्थियों को कराया थाना भ्रमण, कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

घरघोड़ा थाना में आयोजित शैक्षणिक भ्रमण में बच्चों को पुलिस कार्यप्रणाली से कराया गया परिचित

रायगढ़। सामुदायिक पुलिसिंग और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने थाना घरघोड़ा में स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। इस दौरान जन मित्रम एस.पी. सिंह मेमोरियल स्कूल, बैहामुड़ा के छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, नए आपराधिक कानून, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और नागरिकों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिकायत दर्ज होने से लेकर एफआईआर, विवेचना, साक्ष्य संकलन, आरोपी की गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की पूरी कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया।

उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद पुलिस व्यवस्था अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित हो गई है, जिससे नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने में सहायता मिल रही है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) की कार्यप्रणाली, थाना प्रभारी एवं थाना मुंशी की जिम्मेदारियों तथा पुलिस थाने के विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान बच्चों ने पुलिस जांच, गिरफ्तारी, साइबर अपराध और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से जवाब दिया।

विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी घटना की सही जानकारी पुलिस को देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा झूठी शिकायत करना कानूनन अपराध है। साथ ही गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक करते हुए बच्चों को किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी तुरंत माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को देने की सलाह दी गई।

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को मोबाइल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधियों के तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी।

भ्रमण के दौरान बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन, आपातकालीन सेवाओं तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, थाना घरघोड़ा का पुलिस स्टाफ, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जागरूक और कानून की समझ रखने वाले बच्चे ही सुरक्षित, जिम्मेदार और सशक्त समाज की मजबूत नींव होते हैं।

Back to top button