रायगढ़ में सरकारी कॉलेज के प्रोफेसर पर युवती से अश्लील संदेश भेजने का आरोप, मामला दर्ज

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, मामले की जांच जारी

रायगढ़। रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र स्थित एक शासकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर के खिलाफ युवती को कथित रूप से आपत्तिजनक संदेश भेजने और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, युवती की शिकायत के आधार पर शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और 79 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी प्रोफेसर पिछले काफी समय से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से उसे अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा था। युवती का यह भी आरोप है कि मामले की जानकारी परिजनों को देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।

बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर कुछ दिन पहले युवती अपने मंगेतर के साथ आरोपी के निवास क्षेत्र पहुंची थी, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

मामले में युवती द्वारा पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button