रायगढ़ : प्रयागराज-विशाखापट्टनम स्पेशल के फेरे रद्द होने पर ट्रेड यूनियन काउंसिल ने सौंपा ज्ञापन, बहाली की मांग

रायगढ़ होकर चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन से यात्रियों को मिल रही थी सीधी कनेक्टिविटी

रायगढ़, 8 सितंबर 2026। प्रयागराज और विशाखापट्टनम के बीच रायगढ़ होकर चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के निर्धारित फेरे रद्द किए जाने को लेकर रायगढ़ में यात्रियों की सुविधा का मुद्दा फिर उठाया गया है। ट्रेड यूनियन काउंसिल रायगढ़ ने ट्रेन के संचालन को बहाल करने की मांग को लेकर रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

रेलवे ने ट्रेन संख्या 04159/04160 प्रयागराज-विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल के निर्धारित फेरों को परिचालन संबंधी कारणों से रद्द किया है। 04159 के 4 सितंबर से 27 नवंबर और 04160 के 5 सितंबर से 28 नवंबर तक के फेरे निरस्त किए गए हैं।

16-16 फेरों के लिए शुरू हुई थी ट्रेन

यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 16-16 फेरों के लिए शुरू की गई थी। प्रयागराज से विशाखापट्टनम जाने वाली ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार और वापसी में विशाखापट्टनम से प्रयागराज ट्रेन प्रत्येक शनिवार को चलने वाली थी।

इसका मार्ग रायगढ़, बिलासपुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर और शहडोल समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरता है। रायगढ़ स्टेशन पर भी इसका निर्धारित ठहराव था।

ट्रेन शुरू होने पर रायगढ़ में हुआ था स्वागत

ट्रेड यूनियन काउंसिल के अनुसार, इस ट्रेन के संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। ट्रेन शुरू होने के बाद जब पहली बार विशाखापट्टनम से प्रयागराज जाने वाली ट्रेन रायगढ़ पहुंची थी, तब संगठन के पदाधिकारियों ने स्टेशन पर यात्रियों का स्वागत किया था।

इस दौरान ट्रेन को फूलों से सजाया गया और यात्रियों के बीच मिठाई वितरित की गई थी।

अचानक फेरे रद्द होने पर उठाई बहाली की मांग

ट्रेड यूनियन काउंसिल का कहना है कि रायगढ़ से प्रयागराज और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी सीमित है। ऐसे में इस साप्ताहिक सेवा से यात्रियों को सुविधा मिल रही थी।

संगठन के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह ने कहा कि रायगढ़ के यात्रियों को प्रयागराज और विशाखापट्टनम जाने के लिए सीधी ट्रेन की जरूरत है। उनका कहना है कि संगठन ट्रेन को नियमित किए जाने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन निर्धारित फेरे रद्द होने से यात्रियों को परेशानी होगी।

स्टेशन प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के मुख्य प्रबंधक के नाम रायगढ़ स्टेशन प्रबंधक एस.एस. महापात्र को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में रेलवे से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज-विशाखापट्टनम साप्ताहिक स्पेशल के रद्द किए गए फेरों को बहाल करने की मांग की गई है।

प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संगठन के संरक्षक प्रमोद शराफ, अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार मेघमाला सहित बिंदेश्वर राम रौतिया, विष्णु यादव, गणेश मिश्रा, एस.एल. भगत और देवेंद्र साहू शामिल रहे।

नियमित ट्रेन की भी मांग

ट्रेड यूनियन काउंसिल का कहना है कि रायगढ़ एक औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ शिक्षा, चिकित्सा और धार्मिक यात्राओं के लिए भी बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों की यात्रा करते हैं। ऐसे में लंबी दूरी की सीधी ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है।

संगठन ने उम्मीद जताई है कि रेलवे यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रद्द किए गए फेरों को दोबारा संचालित करने पर सकारात्मक निर्णय लेगा। फिलहाल रेलवे की ओर से इन सेवाओं को रद्द करने का कारण परिचालन संबंधी बताया गया है।

Back to top button