रायगढ़: राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह के तहत ओपी जिंदल स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता, 110 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

रायगढ़। जिंदल पावर लिमिटेड (जेपीएल), तमनार में राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को ओपी जिंदल स्कूल, सावित्रीनगर कॉलोनी में प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी तक के विद्यार्थियों के लिए विद्युत सुरक्षा विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 110 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 26 से 30 जून तक किया जा रहा है। इस वर्ष का विषय “दक्षता, अनुपालन एवं सावधानी : विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करना” रखा गया है। सप्ताहभर कंपनी के कर्मचारियों, संविदा कर्मियों एवं विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

पोस्टर प्रतियोगिता में दूसरी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विद्युत सुरक्षा, सुरक्षित बिजली उपयोग, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षा मानकों के पालन जैसे विषयों पर रचनात्मक पोस्टर तैयार किए। प्रतियोगिता की विशेष बात यह रही कि प्राथमिक कक्षाओं के छोटे बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित विद्युत उपयोग और सावधानी के महत्व से परिचित कराना है। विजेता विद्यार्थियों को आगामी कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह के तहत 30 जून को विभागीय कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों के लिए स्पॉट सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सीपीआर (CPR) और विद्युत करंट लगने की स्थिति में प्राथमिक उपचार का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

Back to top button