बेमेतरा: जर्जर दीवार गिरने से दो सगी बहनों की मौत, बुआ गंभीर घायल

बेमेतरा। जिले के बेमेतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राऊरपुर गांव में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार बारिश के बीच पुराने कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी बुआ गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चंद्रप्रकाश कोसले ने नया मकान बना लिया था, लेकिन पुराने कच्चे मकान की करीब 7 से 8 फीट ऊंची जर्जर दीवार को नहीं हटाया गया था। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे शशिकला कोसले दीवार के पास बर्तन धो रही थीं, जबकि चंद्रप्रकाश की बेटियां वंशिका कोसले (12) और राधिका कोसले (9) आंगन में खेल रही थीं। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और तीनों उसके मलबे में दब गए।घटना के बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। हादसे में दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बुआ जगोना कोसले गंभीर रूप से घायल हो गईं।सूचना मिलते ही बेमेतरा पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।सिटी कोतवाली बेमेतरा की थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि राऊरपुर गांव में जर्जर दीवार गिरने से दो मासूम सगी बहनों की मौत हुई है, जबकि उनकी बुआ गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घायल महिला का बेहतर इलाज रायपुर में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button