छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ : शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, कथित तांत्रिक और उसकी सहयोगी गिरफ्तार

झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर महिला को घरघोड़ा बुलाने का आरोप, बेहोशी की हालत में वारदात को दिया अंजाम; करीब 6 लाख रुपये वसूलने की भी शिकायत

रायगढ़। शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने के नाम पर झाड़-फूंक तथा पूजा-पाठ का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म और आर्थिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

परिचित महिला के जरिए आरोपी से हुआ संपर्क

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय अविवाहित महिला ने 5 नवंबर को रायगढ़ सिटी कोतवाली में आवेदन देकर शारीरिक शोषण और आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत की थी। घटनास्थल घरघोड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला वहां स्थानांतरित कर जांच शुरू की गई।

पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। उसे बताया गया था कि आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताने के साथ झाड़-फूंक और दवाओं से बीमारियों का इलाज करता है। महिला ने अपनी शारीरिक परेशानी और विवाह में आ रही बाधाओं के बारे में आरोपी को बताया। इसके बाद आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया।

पूजा के बहाने किराये के मकान में बुलाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 8 मार्च 2026 को आरोपी ने इलाज और पूजा-पाठ के बहाने महिला को रायगढ़ रोड स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। वहां पहले से एक महिला मौजूद थी, जिसकी पहचान गायत्री महंत के रूप में कराई गई।

आरोप है कि पूजा की तैयारी के नाम पर महिला से कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू मंगवाए गए। इसके बाद उसे स्नान कर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा गया। कुछ देर बाद आरोपी ने पूजा और हवन शुरू किया तथा अभिमंत्रित जल बताकर महिला को पानी पिलाया।

पीड़िता का आरोप है कि पानी पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। होश आने पर विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर बीमारी और विवाह की समस्या दूर करने का हवाला दिया।

पूजा-पाठ के नाम पर करीब 6 लाख रुपये लेने की शिकायत

पीड़िता ने आरोप लगाया कि पूजा-पाठ और हवन के नाम पर उससे पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद बिजनेस वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने सहित अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये वसूले गए। पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों द्वारा डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत ने कथित रूप से मिलकर महिला को झाड़-फूंक के बहाने बुलाने और पूजा के दौरान नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल (45 वर्ष), निवासी ग्राम टांडीपार, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, हाल मुकाम लैलूंगा और गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39 वर्ष), निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Show More
Back to top button