रायपुर के अभनपुर में देर रात लूट : आबकारी कर्मचारी से सोने के जेवर छीने, आरोपी फरार

रायपुर, 04 मई 2026: जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम केंद्री बस स्टॉप के पास दो अज्ञात युवकों ने आबकारी विभाग के एक कर्मचारी को डराकर खेत में ले जाकर उसके सोने के जेवर लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


ड्यूटी से लौटते वक्त बनाया निशाना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश कुमार तिवारी (38) गरियाबंद में आबकारी विभाग में लिपिक के पद पर पदस्थ हैं। 2 मई की रात वह ड्यूटी के बाद राजिम में अपने एक मित्र के घर गए थे और भोजन के बाद करीब 11:30 बजे रायपुर लौट रहे थे।

रास्ते में ग्राम केंद्री बस स्टॉप पर वे कुछ देर के लिए रुके और यात्री प्रतीक्षालय में बैठ गए।


माचिस मांगने के बहाने शुरू की वारदात

करीब 12:30 बजे अभनपुर की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पहले माचिस मांगी और फिर गांजा रखने का आरोप लगाते हुए पीड़ित की जबरन तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उसे पकड़ लिया और पास के खेत में ले गए।


जान से मारने की धमकी देकर लूटे जेवर

खेत में आरोपियों ने पीड़ित को जमीन पर गिराकर जान से मारने की धमकी दी और उसके हाथ की दो सोने की अंगूठी तथा गले की चेन लूट ली। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना के समय पीड़ित अकेला था, जिससे वह विरोध नहीं कर सका।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद पीड़ित किसी तरह घर पहुंचा और अगले दिन 3 मई को अभनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध बाइक सवार युवकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button