रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन कालचक्र’, 6 दिन में चाकूबाजों और बदमाशों पर बड़ी कार्रवाई

रायपुर, 24 मई 2026। राजधानी रायपुर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन कालचक्र’ अभियान चलाया गया। 18 से 23 मई तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में औचक रेड कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चाकूबाजों, गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।


डीसीपी मयंक गुर्जर के निर्देशन में चला अभियान

पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना, क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण करना और संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ना बताया गया है।

अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।


इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने दबिश देकर कई संदिग्ध और अपराधियों को हिरासत में लिया।

कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत 6 आरोपी और आबकारी एक्ट के तहत 71 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।


हुक्का और तंबाकू सामग्री पर भी कार्रवाई

पुलिस ने प्रतिबंधित हुक्का और तंबाकू सामग्री रखने वाले 41 आरोपियों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 81 आरोपियों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और शराब उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों को पकड़ा।


अपराध नियंत्रण के लिए आगे भी जारी रहेगा अभियान

रायपुर पुलिस का कहना है कि राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Back to top button