
गुरुजी के घर छापा, अवैध डीजल-पेट्रोल और कबाड़ का भंडाफोड़
कुड़ेकेला, 24 मई 2026। छाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शिक्षक के घर पर दबिश देकर अवैध डीजल-पेट्रोल और कबाड़ के कारोबार का खुलासा किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके से ईंधन, कबाड़ और एक पिकअप वाहन जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र के शिक्षक ताराचंद पटेल के घर में अवैध रूप से डीजल, पेट्रोल और कबाड़ का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर छाल पुलिस ने तड़के घर पर छापा मारा।
जांच में सामने आया कि इस अवैध कारोबार का संचालन कथित रूप से उनकी पत्नी पुष्पा पटेल द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि अवैध ईंधन को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाया जा रहा था।
छापेमारी में लाखों का सामान जब्त
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 50 लीटर डीजल, 50 लीटर पेट्रोल, करीब 2 क्विंटल कबाड़ और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप वाहन जब्त की गई। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
आरोपी महिला पर मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी महिला पुष्पा पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं और नेटवर्क कितना बड़ा है।
इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में मामले की चर्चा तेज हो गई है और लोग शिक्षा से जुड़े परिवार के नाम सामने आने पर हैरानी जता रहे हैं।


