रायपुर : पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
निजी कारणों का दिया हवाला, राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र से जुड़े भाजपा नेता रवि भगत ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, रवि भगत ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष रमेश होता को संबोधित पत्र के माध्यम से अपना इस्तीफा भेजा है। उन्होंने अपने पत्र में केवल निजी कारणों का उल्लेख करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की बात कही है। इस्तीफे की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को भी प्रेषित की गई है।
अपने पत्र में रवि भगत ने लिखा है कि एक छोटे से गांव के कार्यकर्ता होने के बावजूद भाजपा ने उन्हें पहचान और सम्मान दिया, जिसके लिए वे पार्टी के प्रति सदैव आभारी रहेंगे। हालांकि उन्होंने इस्तीफे के पीछे किसी अन्य कारण का उल्लेख नहीं किया है।

पहले भी संगठन ने जारी किया था कारण बताओ नोटिस
रवि भगत इससे पहले भी संगठनात्मक अनुशासन को लेकर चर्चा में रहे थे। जुलाई 2025 में भाजपा प्रदेश कार्यालय ने उन्हें सोशल मीडिया पर पार्टी की रीति-नीति और अनुशासन के विपरीत टिप्पणियां करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया था और असंतोषजनक उत्तर मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
डीएमएफ फंड को लेकर उठाते रहे सवाल
पिछले कुछ समय से रवि भगत जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) फंड के उपयोग को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों के माध्यम से डीएमएफ फंड में कथित अनियमितताओं और खर्च की प्रक्रिया पर अपनी बात रखी थी। उनके इन बयानों को लेकर संगठन के भीतर भी चर्चा होती रही।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
रवि भगत के इस्तीफे के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे में केवल निजी कारणों का उल्लेख किया है और अब तक इस विषय पर कोई विस्तृत सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। वहीं, भाजपा की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


