रायगढ़ : अदाणी फाउंडेशन की उत्थान परियोजना के तहत 34 विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव आयोजित

1,800 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, नए सत्र में शैक्षणिक संसाधनों का होगा विस्तार

रायगढ़। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक पहल के तहत अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित उत्थान परियोजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत पर जिले के 34 विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव एवं पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इस परियोजना से वर्तमान में 22 प्राथमिक, 8 पूर्व माध्यमिक और 4 हाई स्कूलों के 1,800 से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।

प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। वहीं अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास के महत्व की जानकारी दी गई। रनभांठा, कोतमरा और सरवानी सहित विभिन्न विद्यालयों में आयोजित बैठकों में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों और अभिभावकों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, अनुशासन और विद्यालय-समुदाय के बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई।

शिक्षा संसाधनों का होगा विस्तार

उत्थान परियोजना के तहत विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत अधोसंरचना और शिक्षण-सहायक संसाधनों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत पहले ही स्मार्ट टीवी, डेस्क-बेंच, स्कूल बैग, स्टेशनरी सामग्री और पुस्तकालय संसाधन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी किट और अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री भी वितरित की जाएगी। इसके अलावा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़े भंडार, बुंगा, सुपा और चंदली के हाई स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा।

शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण विकास पर जोर

अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने कहा कि उत्थान परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके समग्र विकास को सुनिश्चित करना है।

वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव और पालक-शिक्षक बैठकों से अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है, जिससे बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

Back to top button