रायपुर : स्कूल बस की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, चालक गिरफ्तार

विधानसभा ओवरब्रिज के नीचे हुआ हादसा, पुलिस ने बस जब्त कर जांच शुरू की

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसा विधानसभा ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर हुआ, जहां एक निजी स्कूल बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास रहने वाले राजा देवार का तीन वर्षीय पुत्र मुन्ना सुबह करीब 8 बजे सड़क पर था। इसी दौरान बच्चों को लेकर स्कूल जा रही भुवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बस चालक और कंडक्टर से पूछताछ कर रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंचे और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि स्कूल बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मृतक बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस बीच, हादसे के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को सुरक्षित मेकाहारा अस्पताल की मर्चुरी पहुंचाया। साथ ही भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने में सहयोग किया। अधिकारियों ने डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।

Back to top button