राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए मुक्ति डडसेना का चयन, भुवनेश्वर जोन का करेंगी प्रतिनिधित्व

कोंडागांव/केशकाल, 6 अगस्त। कोंडागांव जिले के केशकाल की होनहार खिलाड़ी मुक्ति डडसेना का चयन राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वे नवोदय विद्यालय संगठन की ओर से भुवनेश्वर जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

मुक्ति डडसेना वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय, बोरई (दुर्ग) में कक्षा 11वीं (गणित संकाय) की छात्रा हैं। प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए उनका 13 अगस्त से ओडिशा में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद वे 25 अगस्त से असम में आयोजित राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भुवनेश्वर जोन की ओर से हिस्सा लेंगी।

मुक्ति इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। वे पूर्व में आयोजित राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

मुक्ति, मनोज कुमार डडसेना और अंजू डडसेना की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के नागरिकों, शिक्षकों, खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

Back to top button