
विश्रामपुर आंदोलन में शामिल हुए रायगढ़ कांग्रेस नेता, शाखा यादव बोले — “सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं”
रायगढ़, 27 मई। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहे कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और अनिश्चितकालीन आंदोलन में रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया और कांग्रेस नेता विकास शर्मा ने सहभागिता निभाई।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लगाया राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस को बदनाम करने और चुनावी माहौल प्रभावित करने के उद्देश्य से कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ विश्रामपुर थाने में झूठा मामला दर्ज कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के दबाव में गाली-गलौज, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं लगाई गईं।
प्रदेश नेतृत्व ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज तक पहुंचने के बाद कांग्रेस ने आंदोलन तेज कर दिया। एफआईआर वापस लेने की मांग को लेकर दीपक बैज धरने पर बैठ गए, जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर डटे रहे।
तीन दिनों तक चले आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रायगढ़ से पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने भी आंदोलन में भाग लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एकजुटता दिखाई।
आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
कांग्रेस नेताओं के अनुसार लगातार आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। रेंज आईजी और एसपी द्वारा संबंधित थाना प्रभारी पर कार्रवाई तथा नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट के प्रकरण की समीक्षा का भरोसा मिलने के बाद आंदोलन स्थगित किया गया।
“सत्य की जीत हुई” — शाखा यादव
शाखा यादव ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और राजनीतिक प्रताड़ना के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलती रही है और अंततः जीत भी उसी की हुई।
उन्होंने कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं।”


