सक्ती: पॉकेटमारी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त

सक्ती। डभरा थाना पुलिस ने पॉकेटमारी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, खुरघाटी निवासी कमलेश अजगल्ले ने 28 जून को डभरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 जून की रात करीब 8 बजे वह डभरा स्थित शराब दुकान पर शराब खरीदने गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें 10 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।

शिकायत के आधार पर डभरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 234/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अजीत सहिस (20), राहुल सहिस (22) और इरफान सहिस (22), निवासी खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान तीनों ने पॉकेटमारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये नकद बरामद किए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 F 3583) भी जब्त कर ली। इसके बाद तीनों आरोपियों को 28 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सुमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक शंकर लाल साहू, संतोष पाण्डेय, प्रधान आरक्षक योगेश राठौर तथा आरक्षक मिरीश साहू, रोहित सिदार, रंजीत जांगड़े और हरिहर सिंह की विशेष भूमिका रही।

Back to top button