सरगुजा में अवैध शराब तस्करी का खुलासा : अंग्रेजी शराब दुकान का मैनेजर 95 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार

सरगुजा, 25 अप्रैल 2026। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नेशनल हाईवे-43 पर कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने कार से 95 लीटर शराब बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अंग्रेजी शराब दुकान का मैनेजर निकला।


मुखबिर सूचना पर हाईवे में घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इस पर एएसआई अरुण दुबे की टीम ने प्रतापगढ़ के पास नेशनल हाईवे-43 पर घेराबंदी कर सीतापुर की ओर से आ रही रेनॉल्ट किगर कार (क्रमांक CG 15 DV 7455) को रोका।

कार चालक ने अपना नाम सूरज गुप्ता (34 वर्ष), निवासी लुंड्रा बताया।


कार से 95 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

वाहन की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में रखे कार्टून से मेडॉफ व्हिस्की के 48 नग और गोवा स्पेशल व्हिस्की के 480 नग बरामद किए गए। कुल मिलाकर लगभग 95 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई।


शराब दुकान का मैनेजर निकला आरोपी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सूरज गुप्ता सीतापुर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान का मैनेजर है। वह शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आरोपी ने बताया कि वह शराब को लुंड्रा क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहा था, जहां शराब दुकान नहीं है।


आबकारी विभाग भी जांच में जुटा

मामले की सूचना आबकारी विभाग को दे दी गई है। विभाग यह जांच कर रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह कितनी बार शराब की अवैध खेप भेज चुका है।


आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है।

थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Back to top button