सहारा इंडिया निवेश घोटाले में फरार शाखा प्रबंधक गिरफ्तार

तीन साल से था फरार, 40 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई

रायगढ़, 21 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे सहारा इंडिया के रायगढ़ शाखा प्रबंधक विजय कुमार शराफ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

40 लाख रुपये निवेश कराने का आरोप

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में रायगढ़ निवासी विकास निगानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंपनी को विश्वसनीय एवं आरबीआई से अधिकृत बताकर वर्ष 2017 में उनसे, उनकी पत्नी और माता से विभिन्न योजनाओं में करीब 40 लाख रुपये का निवेश कराया। निवेश अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई।

जांच में सामने आई सुनियोजित धोखाधड़ी

जांच में पता चला कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर राशि लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉन्ड जारी किए गए। जिला प्रशासन, बैंकों, मंत्रालयों और निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों और क्षेत्रीय अधिकारियों की संलिप्तता सामने आई।

पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, पुष्पेंद्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करूणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास तथा बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीश तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से कंपनी से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, संपत्ति संबंधी रिकॉर्ड तथा कथित धोखाधड़ी की रकम से खरीदे गए वाहन भी जब्त किए गए हैं।

3,848 निवेशकों से 40 करोड़ से अधिक की ठगी

पुलिस के अनुसार, जांच में अब तक 3,848 निवेशकों से करीब 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।

ससुराल क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी

रायगढ़ स्थित कबीर चौक शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक विजय कुमार शराफ (54) लंबे समय से फरार था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे उसके ससुराल क्षेत्र कोतरारोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से सहारा इंडिया फ्रेंचाइजी कार्यालय से संबंधित प्रशासनिक आदेश और कंपनी के एमओयू की प्रतियां भी बरामद की गईं।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। नए साक्ष्य मिलने पर आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। आर्थिक अपराधों में शामिल फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Back to top button