
अंबिकापुर में सरकारी जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, बुलडोजर से तोड़े गए रिसॉर्ट के शेड
अंबिकापुर, 12 मई 2026: अंबिकापुर के कमोदा बिहार रिसॉर्ट से लगी सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटाया है। सोमवार सुबह प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण कर बनाए गए शेड और बाउंड्री को तोड़ दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
45 डिसमिल सरकारी जमीन पर था कब्जा
प्रशासन के अनुसार रिसॉर्ट संचालकों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर शेड और बाउंड्री का निर्माण कराया गया था। नापजोख में करीब 45 डिसमिल जमीन पर अतिक्रमण पाया गया।
बताया गया कि संचालकों को पहले ही कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था।
सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई
प्रशासनिक और पुलिस टीम सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे मौके पर पहुंच गई थी। एसडीएम वन सिंह नेताम ने बताया कि शनिवार को सरकारी जमीन की मार्किंग पूरी कर ली गई थी।
हालांकि रिसॉर्ट संचालकों ने दो दिन का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया।
चार घंटे चला अभियान
प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर की मदद से रिसॉर्ट परिसर में बने बड़े शेड और अन्य निर्माण को हटाया। इसके अलावा दूसरे व्यक्ति द्वारा कब्जा कर बनाए गए कमरों को भी तोड़ा गया।
करीब चार घंटे तक चले अभियान के दौरान लगभग 65 डिसमिल जमीन से अवैध कब्जा हटाया गया।
फिर हुआ विरोध, लेकिन जारी रही कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट संचालकों ने प्रशासनिक टीम से विवाद करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रखी गई।
प्रशासन ने मौके से मलबा हटाने का काम भी शुरू कर दिया है।
सरकारी उपयोग में लाई जाएगी जमीन
एसडीएम वन सिंह नेताम ने बताया कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए जमीन को सरकारी उपयोग में लाया जाएगा। यहां आंगनबाड़ी और अन्य सरकारी उपयोग से जुड़े निर्माण किए जा सकते हैं।
जमीन की रजिस्ट्री को लेकर भी जांच जारी
प्रशासन के अनुसार कमोदा रिसॉर्ट पुनर्वास की जमीन पर बना हुआ है। जमीन की रजिस्ट्री में अनियमितता की शिकायत भी कलेक्टर सरगुजा से की गई है, जिसकी जांच जारी है।
जांच में रिसॉर्ट का अधिकांश हिस्सा वैध रजिस्ट्री की जमीन पर पाया गया, जबकि शेड और बाउंड्री वाले हिस्से में अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई की गई।


