नाबालिग का दैहिक शोषण कर फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा, 11 मई 2026: सरगुजा जिले में नाबालिग किशोरी से प्रेम संबंध बनाकर दैहिक शोषण करने और बाद में उसके आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।


शादी समारोह में हुई थी पहचान

पीड़िता ने 1 मई को लटोरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उसकी पहचान पतराटोली निवासी अनोज दास से एक शादी समारोह के दौरान हुई थी।

इसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत शुरू हुई, जिससे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।


शादी का झांसा देकर करता रहा दुष्कर्म

पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे अंबिकापुर के पटपरिया स्थित अपने किराए के मकान में बुलाता था और शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाता रहा।

बाद में आरोपी ने किसी दूसरी युवती से शादी कर ली।


फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल

पीड़िता ने जब आरोपी की दूसरी शादी का विरोध किया, तब आरोपी ने उसके निजी और आपत्तिजनक फोटो तथा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

इसके साथ ही आरोपी पीड़िता को दोबारा संबंध बनाने के लिए कथित रूप से ब्लैकमेल भी करने लगा।


पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज

लटोरी पुलिस चौकी में शून्य पर मामला दर्ज कर केस गांधीनगर थाना भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस, आईटी एक्ट की धारा 67(बी) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी अनोज दास (24 वर्ष) निवासी सलका थाना दरिमा को गिरफ्तार कर लिया।


आरोपी को भेजा गया जेल

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Back to top button