‘अगली बार आऊंगा तो रूस ले चलूँगा..’, 8 साल तक टालता रहा पति, अब खुली पोल

जयपुर: राजस्थान के बाड़मेर इलाके की एक शादीशुदा महिला ने पुलिस से शिकायत की है कि उसके पति ने मॉस्को जाकर दूसरी महिला के साथ शादी कर ली है, लिहाजा उसके पिता का वीजा रिन्यू न किया जाए. महिला ने अपने पति के विरुद्ध भरण पोषण का केस दर्ज कराया है. महिला ने कहा है कि हम दोनों का एक 10 वर्षीय बेटा है. वहीं, महिला की शिकायत के बाद पुलिस मामले की छानबीन में लग गई है.

जानकारी के अनुसार, दीपिका का विवाह 1 सितंबर 2009 को जोधपुर के रहने वाले भगवान दास के साथ हुआ था. 2014 तक सब कुछ ठीक चल रहा था, मगर भगवान दास 2014 में नौकरी करने के लिए रूस चला गया. उसके बाद से ही लगातार दीपिका और ससुराल पक्ष में विवाद शुरू हो गया. दीपिका का आरोप है कि उसके ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित करते थे. पति 2 वर्षों में एक बार आता था और दीपिका को आश्वासन देकर चला जाता था कि अगली बार आउंगा तो तुम्हें भी रूस ले जाऊंगा.

2020 में भगवानदास जब वापस अपने घर जोधपुर पहुंचा, तो दीपिका और भगवानदास में विवाद हो गया. इसी बीच दीपिका ने जिद्द कर दी कि मुझे भी साथ में ले चलो. इस पर भगवान दास ने कह दिया मैंने रूस में दूसरा विवाह कर लिया है. इसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ और दीपिका ससुराल से अपने मायके बाड़मेर आ गई. इसके बाद सामाजिक स्तर पर लगातार पंचायत हुई, मगर कोई समाधान नहीं निकला. अब थक हारकर दीपिका ने पुलिस से अपने पति के खिलाफ शिकायत कर इंसाफ की मांग की है.

Share This Article
Leave a review