अदाणी पावर के CSR से रायगढ़ की 150 बालिकाओं को मिलेगा आईटी और सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण
5 वर्षों में ₹1.75 करोड़ का सहयोग, आदिवासी एवं ग्रामीण छात्राओं के कौशल विकास पर विशेष जोर
रायगढ़। रायगढ़ जिले की आदिवासी एवं वंचित वर्ग की बालिकाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रायगढ़ और अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ ने संयुक्त पहल शुरू की है। इसके तहत नव गुरुकुल, KIT कॉलेज, गढ़उमरिया में 150 बालिकाओं के लिए उन्नत आईटी एवं सॉफ्टवेयर कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
इस परियोजना के संचालन के लिए जिला प्रशासन और अदाणी पावर लिमिटेड के बीच द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। कंपनी अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं के आवास, भोजन और प्रशिक्षण से जुड़े खर्चों में सहयोग करेगी। पहले वर्ष के लिए 35 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
पांच वर्षों तक मिलेगा सहयोग
अदाणी पावर लिमिटेड ने इस परियोजना को अगले पांच वर्षों तक प्रतिवर्ष 35 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है। इस प्रकार कुल 1.75 करोड़ रुपये का CSR निवेश इस कार्यक्रम के लिए किया जाएगा।
रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पर रहेगा फोकस
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से आदिवासी और ग्रामीण पृष्ठभूमि की छात्राओं को आधुनिक आईटी एवं सॉफ्टवेयर कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को डिजिटल दक्षता, तकनीकी ज्ञान और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
- 150 बालिकाओं को उन्नत आईटी एवं सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण।
- आवासीय सुविधा के साथ समग्र प्रशिक्षण व्यवस्था।
- रोजगारोन्मुखी कौशल विकास पर विशेष जोर।
- आदिवासी एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि की छात्राओं को प्राथमिकता।
अदाणी पावर लिमिटेड के प्रतिनिधि ने कहा कि कंपनी अपने CSR कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना है कि यह पहल बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह कार्यक्रम जिले में महिला शिक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण और समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा देगा तथा तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा।


