
अभियान संवेदना के तहत दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, धरमजयगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रायगढ़/धरमजयगढ़। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 मई को एक 29 वर्षीय महिला ने थाना धरमजयगढ़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम तरेकेला निवासी बनेश्वर राठिया ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता ने बताया कि घटना 25 मई की है, जब वह अपने मायके आई हुई थी और घर से कुछ दूरी पर स्थित बोरबाड़ी गई थी। इसी दौरान उसका परिचित आरोपी वहां पहुंचा और उसके साथ जबरदस्ती की।
महिला ने बताया कि घटना के बाद वह भय और मानसिक तनाव के कारण तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में ससुराल लौटने पर उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज कर शुरू की गई जांच
पीड़िता की शिकायत पर थाना धरमजयगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पीड़िता का बयान दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण करवाया।
छाल क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी बनेश्वर राठिया (25 वर्ष), निवासी ग्राम तरेकेला, थाना छाल की तलाश शुरू की। पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिला अपराधों पर सख्त है पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से ले रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के महिला संबंधी अपराध अथवा आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

