
पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने की आत्महत्या, गौठान परिसर में फंदे से लटका मिला शव
कोंडागांव। शहर के संजय नगर स्थित गौठान परिसर में मंगलवार सुबह पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हाल ही में जेल से रिहा हुआ था
जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले कोंडागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे के मामले में नवाज अली का नाम सामने आया था। आरोप था कि उनकी कार की टक्कर से एक पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। हाल ही में वे जेल से रिहा होकर बाहर आए थे।
सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच अधिकारी विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
फिलहाल, पूर्व कांग्रेस नेता की मौत की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

