अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य तनाव और बढ़ा, लगातार 12 वीं रात हवाई हमले
पहली बार B-1 बॉम्बर की तैनाती, ईरान ने कड़े जवाब की दी चेतावनी
तेहरान/वॉशिंगटन, 22 जुलाई। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव लगातार गहराता जा रहा है। दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण हालात के बीच अमेरिकी सेना ने लगातार 12वीं रात भी सैन्य अभियान जारी रखा। इस दौरान पहली बार लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम B-1 बॉम्बर विमान का इस्तेमाल किए जाने की खबर सामने आई है।
रणनीतिक ठिकानों को बनाया निशाना
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी सेना ने ईरान से जुड़े कई रणनीतिक ठिकानों पर हवाई हमले किए। इन हमलों का उद्देश्य क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों को कमजोर करना बताया जा रहा है। हालांकि, नुकसान के संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
ईरान ने दी सख्त चेतावनी
लगातार हो रहे हमलों के बीच ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाया है। तेहरान ने स्पष्ट किया है कि यदि उसके हितों पर हमला जारी रहा तो उसका जवाब भी उतना ही सख्त होगा। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि किसी भी कार्रवाई का जवाब “आंख के बदले आंख” की नीति के तहत दिया जाएगा।
बढ़ी अंतरराष्ट्रीय चिंता
दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिम एशिया में हालात पर दुनिया के कई देश नजर बनाए हुए हैं और तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि स्थिति नहीं संभली तो इसका असर पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है।



