
अवैध खनन और परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, रेत और चूना पत्थर से जुड़े वाहन जब्त
रायगढ़, 22 मई 2026। जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश और खनिज अधिकारी के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक दबिश देकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों और मशीनों को जब्त किया।
रेत परिवहन करते वाहन और मशीन जब्त
कार्रवाई के दौरान कारीछापर निवासी विजय पटेल की एक रेत परिवहन कर रही वाहन को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वहीं रानीगुड़ा रेत खदान क्षेत्र में अवैध उत्खनन में लगी देवरी पंचायत निवासी रोशन साहू की एक चैन माउंटेन मशीन को भी खनिज विभाग ने जब्त किया।
चूना पत्थर के अवैध परिवहन पर भी कार्रवाई
खनिज विभाग की टीम ने खरसिया मार्ग पर रायगढ़ स्थित जगदंबा शोरूम के पास कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर निवासी टाइगर अग्रवाल के वाहन को चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। जांच में पाया गया कि वाहन बिना वैध रॉयल्टी पर्ची के खनिज परिवहन कर रहा था।
वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए सभी वाहन बिना वैध दस्तावेजों के रेत और चूना पत्थर का परिवहन कर रहे थे। सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक और चालानी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और खनिज माफियाओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


