
अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश की शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव: जिले में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के संग्रहण और विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सूचना पर दी गई दबिश
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम आरी (थाना डोंगरगांव) में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी।
बिना वारंट की कार्रवाई
माल को खपाने की आशंका और समय की कमी को देखते हुए टीम ने बिना सर्च वारंट के ही प्रदीप राजपूत के घर में छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
11.700 बल्क लीटर शराब जब्त
जांच में महाराष्ट्र निर्मित 90 मिलीलीटर की 76 बोतल देशी शराब और मध्यप्रदेश निर्मित 180 मिलीलीटर की 27 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। कुल 11.700 बल्क लीटर शराब जब्त की गई है।
गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी प्रदीप राजपूत (39) के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामला गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई कलेक्टर जितेंद्र यादव और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई। टीम का नेतृत्व आबकारी उपनिरीक्षक तुलेश्वरी देवांगन ने किया, जिसमें मुकेश कुमार वर्मा, मिलाप मंडावी, किशोरी कोमरे और दीपक सिन्हा की अहम भूमिका रही।


