
मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रफ्तार पर कार्रवाई, KTM बाइक जब्त
रायगढ़, 02 मई 2026: जिले में यातायात अनुशासन और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और खतरनाक तरीके से बाइक चलाने वाले युवक पर कार्रवाई करते हुए उसकी KTM बाइक जब्त कर ली।
तेज आवाज और लापरवाही से परेशान थे लोग
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सरडेगा निवासी अशोक पैंकरा (24) अपनी KTM बाइक में साइलेंसर बदलकर तेज आवाज निकाल रहा है और लैलूंगा मेन रोड पर तेज रफ्तार से वाहन चलाकर राहगीरों को परेशान कर रहा है। इससे क्षेत्र में भय और असुविधा की स्थिति बन रही थी।
निगरानी के बाद पकड़ा गया आरोपी
थाना प्रभारी के निर्देशन में युवक की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। 29 अप्रैल की शाम उसे लैलूंगा मेन रोड पर तेज आवाज और तेज गति से बाइक चलाते हुए पकड़ा गया।
इन धाराओं में की गई कार्रवाई
जांच में युवक द्वारा कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 11(2), 15 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 3/181, 5/180, 146/196 का उल्लंघन पाया गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया है।
पुलिस का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा और शांति सर्वोच्च प्राथमिकता है।


