असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, इंजन समेत 6 डिब्बे बेपटरी; कई यात्रियों के घायल होने की खबर
गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन पर सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा, रेलवे ने राहत-बचाव अभियान शुरू किया; यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था
गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। कोलकाता से मिजोरम के सैरांग जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दिगारू रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच यात्री डिब्बे बेपटरी हो गए। घटनास्थल से कई यात्रियों के घायल होने की खबरें सामने आई हैं, हालांकि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने शुरुआती बयान में किसी के घायल होने या हताहत होने की पुष्टि नहीं की है।
दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे असम के कामरूप (मेट्रो) जिले के दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए लाई जा रही थी। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके कारण इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
राहत और बचाव कार्य शुरू, वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक विवेक खरे सहित वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।























































