रायगढ़ के आरएस इस्पात प्लांट में बड़ा हादसा, क्रेन से गिरा भारी लैडल; चपेट में आए 26 वर्षीय मजदूर की मौत
लैडल प्री-प्रिपेयर का काम करते समय हुआ हादसा, बिहार निवासी फंटूश कुमार ने अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच
रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित आरएस इस्पात प्लांट में मंगलवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। क्रेन से उठाया जा रहा भारी लैडल अचानक असंतुलित होकर प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से 26 वर्षीय श्रमिक फंटूश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लैडल का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी फंटूश कुमार आरएस इस्पात प्लांट में लैडलमैन के रूप में कार्यरत था। मंगलवार को वह कंपनी परिसर में लैडल प्री-प्रिपेयर करने का काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन की मदद से उठाया जा रहा लैडल अचानक असंतुलित हो गया और प्लेटफार्म पर जा गिरा।
लैडल की चपेट में आने से फंटूश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी गई और घायल श्रमिक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की जानकारी औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को भी दी गई है।
विभाग की ओर से प्लांट में सुरक्षा मानकों और हादसे से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।























































