आजाद हिंद एक्सप्रेस में महिला यात्री का बैग चोरी, सोने की अंगूठी समेत 33 हजार रुपये का सामान पार
रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन से गुजर रही आजाद हिंद एक्सप्रेस में एक महिला यात्री के हैंडबैग की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर महिला का बैग लेकर फरार हो गया, जिसमें सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, नगदी सहित करीब 33 हजार रुपये से अधिक का सामान रखा हुआ था। मामले में जीआरपी रायगढ़ ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के सतारा जिले के गंगापुरी तालुका निवासी प्रार्थना शंकर माईती (31 वर्ष) 11 जून को खड़गपुर रेलवे स्टेशन से पुणे जाने के लिए आजाद हिंद एक्सप्रेस के कोच बी-3, सीट नंबर-7 पर सवार हुई थीं। यात्रा के दौरान भोजन करने के बाद उन्होंने अपना हैंडबैग पैरों के पास रखकर विश्राम किया।
अगले दिन सुबह करीब 7 बजे जब ट्रेन रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची, तब उनकी नींद खुली। इस दौरान उन्होंने देखा कि उनका हैंडबैग गायब है। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बैग का कोई पता नहीं चला। पीड़िता को आशंका है कि किसी अज्ञात चोर ने नींद का फायदा उठाकर बैग चोरी कर लिया।
पीड़िता के अनुसार बैग में एक मोबाइल फोन, लगभग 20 हजार रुपये मूल्य की सोने की अंगूठी, 3 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान रखा हुआ था। कुल नुकसान लगभग 33 हजार 200 रुपये बताया गया है।
घटना की शिकायत सबसे पहले जीआरपी पुणे में दर्ज कराई गई थी। प्रकरण की डायरी रायगढ़ स्थानांतरित होने के बाद जीआरपी रायगढ़ ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ट्रेनों में बढ़ रही चोरी की घटनाएं
पिछले कुछ सप्ताह के दौरान रायगढ़ रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। विभिन्न मामलों में मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैग, नकदी और सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायतें दर्ज हुई हैं।
10 मई को गीतांजलि एक्सप्रेस में एक यात्री का मोबाइल चोरी हुआ था, जबकि 4 जून को दरभंगा-रायगढ़ यात्रा के दौरान एक यात्री का बैग पार कर दिया गया। इसके अलावा बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस, नर्मदा एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनों में भी चोरी की घटनाएं दर्ज की गई हैं।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
जीआरपी थाना प्रभारी बी.आर. बोर्झा ने बताया कि सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। रेलवे पुलिस द्वारा ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार गश्त की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और पॉकेटमार गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से सफर के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।



