रेत माफियाओं का दुस्साहस: माइनिंग कांस्टेबल से मारपीट कर जब्त टीपर छुड़ाकर ले गए तस्कर

अंबिकापुर।

[img-slider id="274450"]
सरगुजा जिले में अवैध रेत कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने कार्रवाई कर रही टीम के सामने ही माइनिंग विभाग के कांस्टेबल के साथ मारपीट कर जब्त टीपर वाहन छुड़ा लिया। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक की है। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले में रेत तस्करी को लेकर हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के बाद राज्य स्तर पर अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर से आई खनिज विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम संभाग के विभिन्न जिलों में जांच कर रही है।

चार टीपर पकड़े, एक वाहन छुड़ाकर ले भागे आरोपी

बीती रात फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए चार टीपर वाहनों को पकड़ा। वाहनों को अंबिकापुर कलेक्टोरेट परिसर में खड़ा कराने के लिए माइनिंग कांस्टेबल तारकेश्वर वर्मा को उनके साथ भेजा गया था।

बताया जा रहा है कि जैसे ही चारों टीपर गांधी चौक पहुंचे, रेत कारोबार से जुड़े लहटन खान और उसके कुछ साथी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने वाहनों को रोक लिया और एक टीपर को छुड़ाकर ले जाने का प्रयास किया। माइनिंग कांस्टेबल द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और एक टीपर वाहन लेकर फरार हो गए।

हालांकि अन्य तीन वाहनों को सुरक्षित कलेक्टोरेट परिसर में खड़ा करा दिया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने माइनिंग कांस्टेबल की रिपोर्ट पर लहटन खान, टीपर चालक सोनू, खलासी सहित चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

अवैध खनन पर फ्लाइंग स्क्वायड की कार्रवाई जारी

रायपुर से आई फ्लाइंग स्क्वायड टीम कोरिया, एमसीबी और सूरजपुर जिलों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की जांच कर रही है। टीम ने कई रेत घाटों और भंडारण स्थलों की वीडियोग्राफी भी की है।

गौरतलब है कि 10 जून के बाद रेत उत्खनन पर रोक के बावजूद कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद रेत माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस ने कानून-व्यवस्था और खनिज संसाधनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button