ईमानदारी की मिसाल : सोना चांदी से भरा गुम हुआ बैग असली मालिक को सौंपा 

पत्रकार आनंद साहू के इस सराहनीय कार्य की  हो रही है प्रशंसा 
बेमेतरा= आज के इस दौर में जहां भौतिक सुख-सुविधाओं और चंद रुपयों के लिए लोग अपने ईमान से समझौता कर लेते हैं, वहीं बेमेतरा में ईमानदारी की एक ऐसी मिसाल सामने आई है जिसने मानवता का सर फक्र से ऊंचा कर दिया है। सिटी प्रेस क्लब बेमेतरा के वरिष्ठ सदस्य और पत्रकार आनंद साहु ने लाखों रुपये के सोने-चांदी से भरे बैग को उसके असली हकदार तक पहुंचाने के लिए पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस प्रशासन ने भी पत्रकार की सजगता और ईमानदारी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने पत्रकार आनंद साहू का सम्मान किया।
*सुबह की सैर के दौरान मिला लावारिस बैग*
घटनाक्रम के अनुसार बुधवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे  आनंद साहु को एक बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला। जब उन्होंने राहगीरों की सुरक्षा और कौतूहलवश बैग को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। बैग के भीतर भारी मात्रा में सोने और चांदी के कीमती आभूषण भरे हुए थे। इसके साथ ही उसमें करीब 38 हजार रुपये की नगद राशि भी मौजूद थी। मूल्यांकन करने पर बैग में रखे कुल जेवरात और नगदी की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई।
*बिना लालच दिखाए तत्काल पहुंचे कोतवाली*

इतनी बड़ी रकम और कीमती आभूषण सामने होने के बावजूद साहु के मन में जरा भी लालच नहीं आया। उन्होंने अपने सामाजिक दायित्वों और पत्रकारिता के मूल्यों का परिचय देते हुए तुरंत निर्णय लिया। साहु ने तुरंत सीधे सिटी कोतवाली थाना बेमेतरा का रुख किया और पूरे सामान के साथ बैग को सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया।



शहरवासियों और संगठनों ने जताया आभार


आनंद साहु के इस अनुकरणीय और सराहनीय कार्य की खबर जैसे ही शहर में फैली हर तरफ उनकी तारीफ होने लगी। सिटी प्रेस क्लब सहित जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और पत्रकार साथियों ने आनंद साहु की इस ईमानदारी को सलाम किया है। आज के समय में ऐसी ईमानदारी विरले ही देखने को मिलती है। आनंद साहु ने यह साबित कर दिया कि समाज में सच्चाई और इंसानियत आज भी जिंदा है। उनका यह कदम युवाओं और पूरे समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है।


बैग में बरामद हुआ सामान

जमा कराए गए बैग के विवरण के अनुसार, उसमें कुल 38,150 रुपये की नकदी (500 के 63 नोट, 20 के 100 नोट और 50 के 93 नोट) मौजूद थी। इसके अलावा बैग में भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण शामिल थे जिनमें 8 नग पतली पत्ती (सोना),9 नग ताबीज, 4 नग सोने की पत्ती, 9 नग भगवान वाली पत्ती (सोना), 1 नग पैडल पत्ती (सोना), 16 जोड़ी कान के टॉप्स/एरिंग्स, 17 नग चांदी के छोटे-बड़े सिक्के शामिल थे।

Back to top button