उत्तराखंड में करोड़ों की ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी का पर्दाफाश, STF ने 2 गिरफ्तार किए, विदेश में बैठा मास्टरमाइंड लविश चौधरी
देहरादून: उत्तराखंड में ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह पर STF ने बड़ी कार्रवाई की है। STF ने इस मामले में दो आरोपियों नवीन सिंह नेगी और कविता परमार को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को ज्यादा मुनाफे और विदेश यात्राओं का लालच देकर फर्जी कंपनियों में निवेश कराते थे। ये कंपनियां RBI और SEBI में पंजीकृत नहीं थीं, फिर भी लोगों को करोड़पति बनने का सपना दिखाया जा रहा था।
जूम मीटिंग और व्हाट्सएप ग्रुप से फैलाया जाल
आरोपी जूम मीटिंग और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को नेटवर्क से जोड़ते थे। निवेश के बदले लोगों के ऑनलाइन खातों में डॉलर के फर्जी आंकड़े दिखाए जाते थे, ताकि उन्हें लगे कि उनका पैसा तेजी से बढ़ रहा है।
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा कविता परमार को लेकर हुआ है। STF के मुताबिक, कविता परमार की रेफरल आईडी से 10 से 15 हजार लोग जुड़े हुए थे।
विदेश में बैठा है मुख्य आरोपी
इस पूरे गिरोह का मुख्य आरोपी लविश चौधरी बताया जा रहा है, जो विदेश में बैठकर इस नेटवर्क को चला रहा था। STF अब बैंक खातों, क्रिप्टोकरेंसी ट्रांजेक्शन और विदेश में बैठे मुख्य आरोपी समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।























































