
उत्तर छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर, अगले 5 दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी
अंबिकापुर, 22 मई 2026। उत्तर छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान लगातार 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम साफ होने और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म लू के थपेड़ों के कारण क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मई के दूसरे पखवाड़े में बढ़ी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष मई के पहले पखवाड़े में बादलों की वजह से राजस्थान से आने वाली गर्म हवाएं उत्तर छत्तीसगढ़ तक नहीं पहुंच पा रही थीं। लेकिन अब मौसम साफ होने के बाद तेज गर्म हवाओं का असर बढ़ गया है। बुधवार को भी अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
भीषण गर्मी और लू के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में भी करीब 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
21 और 22 मई को सूर्य का असर ज्यादा
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि 21 और 22 मई को सूर्य कर्क रेखा के करीब होने के कारण उसकी किरणें सीधे पड़ रही हैं। इसके साथ ही राजस्थान से आने वाली गर्म हवाएं तेजी से उत्तर छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रही हैं। यही वजह है कि गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने लोगों से दोपहर में धूप से बचने, सिर ढंककर बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को लू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।


