उपकोषालय अधिकारी पर रिश्वत लेने का आरोप, मेडिकल क्लेम पास कराने के बदले ₹5000 ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का दावा

शिकायतकर्ता ने CM और कलेक्टर से की जांच की मांग, प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं

रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा उपकोषालय में पदस्थ एक अधिकारी पर रिश्वत लेने का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि मेडिकल बिल पास कराने के बदले ₹5000 की राशि ऑनलाइन माध्यम से ली गई।

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित उपकोषालय में पदस्थ एक अधिकारी पर रिश्वत लेने का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि मेडिकल क्लेम पास कराने के बदले ₹5000 की राशि ऑनलाइन माध्यम से ली गई। हालांकि, इस मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेश कुमार पटनायक ने बताया कि उनकी पत्नी, जो सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत हैं, ने सिजेरियन डिलीवरी के बाद ₹44,425 का मेडिकल बिल क्लेम प्रस्तुत किया था।


शिकायतकर्ता के अनुसार, बिल पास कराने के लिए संबंधित अधिकारी द्वारा कमीशन की मांग की गई। आरोप है कि पहले ₹10,000 की मांग की गई, जिसे बाद में घटाकर ₹8000 किया गया और अंततः ₹5000 की राशि ली गई।


यह भी दावा किया गया है कि यह भुगतान डिजिटल माध्यम से कराया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, व्हाट्सएप के जरिए नंबर साझा कर PhonePe के माध्यम से ₹5000 ट्रांसफर करवाए गए। इस संबंध में ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट, चैट और अन्य दस्तावेज होने का दावा किया गया है।


पीड़ित पक्ष ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और कलेक्टर रायगढ़ से की है और निष्पक्ष जांच के साथ दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि विभिन्न विभागों में बिल पास कराने के बदले कमीशन लेने की प्रथा प्रचलित है, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।


इस संबंध में संबंधित अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि शिकायत के आधार पर जांच होती है या नहीं और आरोपों की सच्चाई क्या सामने आती है।

Back to top button