
ऋषिकेश में बड़ा ट्रेन हादसा, उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार रात बड़ा रेल हादसा हो गया। योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ।
हादसा इतना गंभीर था कि एक बोगी पटरी से अलग होकर पलट गई और करीब 20 फीट दूर ट्रैक से बाहर लटक गई। घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
हादसे के समय ट्रेन में यात्री नहीं थे
गनीमत रही कि हादसे के वक्त ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था। जानकारी के मुताबिक ट्रेन सुबह रवाना होने वाली थी और हादसे के समय स्टेशन यार्ड में ट्रैक बदलने की प्रक्रिया चल रही थी।
उस समय ट्रेन में केवल लोको पायलट मौजूद था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
ब्रेक फेल होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में ट्रेन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रूटीन मेंटेनेंस के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के चलते यह हादसा हुआ।
रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोप लगाए जा रहे हैं कि हादसे के बाद काफी देर तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
ट्रेन के पटरी से उतरने की पूरी घटना स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसे के बाद क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है और रेल संचालन पर फिलहाल कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
लगातार रेल हादसों से बढ़ी चिंता
पिछले कुछ दिनों में देशभर में कई रेल हादसे सामने आए हैं। इससे पहले बिहार के सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में आग लगने की घटना हुई थी।
वहीं त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भी आग लगी थी। इसके अलावा हैदराबाद के नामपल्ली स्टेशन पर खड़ी जयपुर एक्सप्रेस के दो एसी कोच में भी आग लगने की घटना सामने आई थी।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


