देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग का अलर्ट, 15 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। कई राज्यों में लोग तेज लू और बढ़ते तापमान से परेशान हैं।

दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।


IMD ने जारी किया आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने अगले 12 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में आंधी-तूफान और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।

विभाग के अनुसार कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और बारिश का असर महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और अन्य राज्यों में भी देखने को मिल सकता है।


26 मई तक केरल पहुंच सकता है मॉनसून

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है।

मॉनसून के आगमन से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना जताई गई है।


दिल्ली-एनसीआर में 45 डिग्री पार जा सकता है पारा

दिल्ली-एनसीआर में 19 और 20 मई को भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की आशंका जताई है।

हालांकि 21 और 22 मई को तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है।


उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।


राजस्थान और मध्य प्रदेश में लू का अलर्ट

राजस्थान के 19 जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर समेत कई जिलों में तापमान अगले कुछ दिनों में और बढ़ सकता है।

वहीं मध्य प्रदेश के 31 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।


बिहार में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

गया, समस्तीपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

Back to top button