महंगाई भत्ते को लेकर हड़ताल : प्रदेश के 4 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर

रायपुर। केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के 4 लाख से ज्यादा शासकीय कर्मचारी बुधवार को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। कर्मचारियों के एक साथ सामूहिक रूप से अवकाश पर जाने से तहसील, कलेक्ट्रेट, पटवारी सहित अन्य सरकारी दफ्तरों के कामकाज प्रभावित होंगे। वहीं राजधानी रायपुर में शासकीय कर्मचारियों का आज एक दिवसी कलम बंद-काम बंद आंदोलन है। सामूहिक छुट्टी के संबंध में कर्मचारी अधिकारी संघ के सदस्य तहसील, विकासखंड और जिले के कर्मचारियों से आग्रह कर रहे हैं कि वे उनके इस हड़ताल में उनका समर्थन करें। बता दें कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 34 फीसदी महंगाई भत्ता दे रही है। वहीं छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को केवल 22 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलता है। अब केंद्र ने जुलाई से अपने कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाकर ​देने का ऐलान किया है। इसके बाद राज्य के सरकारी कर्मचारी लगातार महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। जगदलपुर में भी हड़ताल वहीं जगदलपुर में भी आज महंगाई भत्ते को लेकर 20 हजार अफसर-कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। दो सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन एक दिन की सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे। कर्मचारी जिला मुख्यालय के अलावा ब्लाक मुख्यालय में भी धरना प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारी संघ के नेता के विवादित बोल कर्मचारी संघ के नेता विजय झा ने हड़ताल को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर नहीं जाएंगे उसे मारेंगे। विजय झा के इस बयान पर अलग-अलग कर्मचारी-अधिकारी संगठन और मंत्रालय कर्मचारी संघ ने ऐतराज जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button