एकलव्य आवासीय विद्यालय में 10वीं के छात्र की मौत, परिसर में मचा हड़कंप
बालोद / डौंडी – छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पूरे विद्यालय परिसर में हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार पिता कामता राम के रूप में हुई है। वह ग्राम रीवागहन खेरथा का निवासी बताया जा रहा है और डौंडी के एकलव्य आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत था।
बताया जा रहा है कि आज सुबह विनय कुमार पीटी में शामिल नहीं हुआ था। जब पीटी में शामिल अन्य विद्यार्थी वापस छात्रावास पहुंचे तो उन्होंने छात्र को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा। छात्रों ने तत्काल इसकी सूचना विद्यालय प्रबंधन को दी, जिसके बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना विद्यालय के कमरा नंबर 16 में हुई। सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस और आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
छात्र के परिजनों के विद्यालय पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विद्यालय में हुई इस घटना के बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ में शोक के साथ-साथ भय का माहौल है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, किंतु मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।













