गौरेला-पेंड्रा : कृष्ण जन्माष्टमी पर 13 किमी निकली भव्य शोभायात्रा, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
यादव महासभा के आयोजन में हजारों लोग हुए शामिल, राधा-कृष्ण की झांकियों और भक्ति गीतों ने बांधा समां
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 10 सितंबर 2026। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वावधान में जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और समरसता के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के तहत भागवत कथा, कृष्ण जन्मोत्सव और करीब 13 किलोमीटर लंबी भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों के साथ विभिन्न समुदायों के नागरिक भी शामिल हुए।
भागवत कथा के दौरान आधी रात को मनाया कृष्ण जन्मोत्सव
कार्यक्रम की शुरुआत 4 सितंबर की रात भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से हुई। रात करीब 12 बजे भागवत कथा के व्यासपीठ से कृष्ण जन्म की कथा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान भक्ति संगीत के बीच भगवान श्रीकृष्ण की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
गिरवर से पेंड्रा तक निकली 13 किमी शोभायात्रा
अगले दिन 5 सितंबर को गिरवर से पेंड्रा तक करीब 13 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा निकाली गई। डीजे, बाजे और भक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा में चित्रकूट और वृंदावन से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण के रूप में प्रस्तुतियां दीं।
खुले वाहन में अतिथियों को यात्रा में शामिल किया गया। रास्ते में विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और आरती की। कई स्थानों पर फल वितरण भी किया गया।
राधा-कृष्ण की प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आकर्षण
शोभायात्रा के दौरान चित्रकूट और वृंदावन से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में नृत्य और भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इससे पूरे यात्रा मार्ग पर धार्मिक और उत्सव का माहौल बना रहा।
आयोजन में बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु-भगिनी के साथ अन्य समाजों के लोग भी शामिल हुए। आयोजकों ने इसे सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना से जोड़कर प्रस्तुत किया।
पेंड्रा में हुआ समापन समारोह
शोभायात्रा के पेंड्रा पहुंचने के बाद मल्टीपरपज हायर सेकेंडरी स्कूल के असेंबली हॉल में समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर एसडी यादव मुख्य अतिथि रहे। प्रदेश सचिव गणेश यादव सहित जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, यादव महासभा के संरक्षक लक्ष्मीधर यादव, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश दुबे, सिंधी समाज के अध्यक्ष जयप्रकाश, राठौर समाज के अध्यक्ष बृजलाल राठौर, उद्योगपति राकेश जालान, गोपाल अग्रवाल समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
समाज में एकता और भाईचारे पर जोर
प्रदेश सचिव गणेश यादव ने आयोजन को सफल बनाने वाले समाज के लोगों और मार्ग में पूजा-अर्चना करने वाले नागरिकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने सामाजिक एकता और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को मजबूत करने की बात कही।
राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर एसडी यादव ने भी आयोजन की सराहना करते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए लगातार काम करने का आह्वान किया।
अहीर रेजिमेंट की मांग पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिया आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान यादव महासभा की ओर से अहीर रेजिमेंट के नाम से चौक स्थापित करने की मांग भी रखी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने इस मांग को परिषद के समक्ष रखने और आगे आवश्यक प्रक्रिया के माध्यम से इसे पूरा कराने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
अगले वर्ष और बड़े आयोजन की तैयारी का संदेश
समापन अवसर पर महासभा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश मनोज यादव ने सभी अतिथियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार जताया।
आयोजन को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष गंगाराम यादव, जिला युवा अध्यक्ष टेकराम यादव, राजेश यादव, संतोष यादव, ओमप्रकाश यादव, मणिशंकर यादव, संदीप यादव, बालकिशन यादव, मोहन यादव, महिला जिला अध्यक्ष रेनु यादव, अनीता यादव, रामधनी राम यादव सहित महासभा के अनेक कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।
आयोजकों ने इस आयोजन को सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाला कार्यक्रम बताते हुए भविष्य में इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की बात कही।












